CHHATTISGARHCHHATTISGARH PARIKRAMACRIMEKORBANATIONALSPORTS

सरगुजा रेंज में साइबर थाना की शुरुआत मील का पत्थर साबित होगा-कमिश्नर

विभिन्न नवीन तकनीकी से लैस साइबर रेंज थाना साइबर अपराधों को नियंत्रित करने एवं दर्ज मामलों के निराकरण में होगा प्रभावी

अंबिकापुर। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं गृह मंत्री छत्तीसगढ़ शासन ने रेंज के साइबर थानों का वर्चुअल उद्घाटन रायपुर से किया। इसी तारतम्य में पुलिस कंट्रोल रूम परिसर अंबिकापुर में सरगुजा कमिश्नर शिखा राजपूत तिवारी, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग के नेतृत्व में व कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में साइबर के रेंज थाना का शुभारंभ सरगुजा जिला/संभाग मुख्यालय में किया गया।
शुभारंभ समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के द्वारा साइबर रेंज थाना की संक्षिप्त जानकारी उपस्थिति अतिथियों को देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। पुलिस अधीक्षक ने अपने उद्बोधन में बताया कि पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा रेंज साइबर थाना के संचालन के लिए एसओपी जारी की गई है। रेंज साइबर पुलिस थाना में साइबर अपराध से संबंधित ऐसे प्रकरण जिनमें अत्यधिक राशि की हानि हुई हो अथवा अत्यंत जटिल प्रकृति की हो, ऐसे मामले में पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा व नियंत्रक पुलिस महानिरीक्षक की अनुमति से प्रथम सूचना पत्र दर्ज कर मामले में विवेचना की जाएगी। कमिश्नर सरगुजा शिखा राजपूत तिवारी ने कहा कि साइबर रेंज थाना के संचालन से साइबर फ्रॉड के मामलों में कमी आएगी। ऐसे मामलों में साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई से आमजनों को लाभ दिलाने में सहायता प्राप्त होगी, साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में साइबर रेंज थाना होने के कारण आपसी समन्वय बेहतर होगा और कार्रवाई शीघ्र होगी। सरगुजा रेंज में साइबर रेंज थाना की शुरुआत भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित कुमार गर्ग ने साइबर रेंज थाना के शुभारंभ समारोह दौरान अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन सरगुजा पुलिस एवं रेंज के जिलों के लिए महत्वपूर्ण है। आज से साइबर क्राइम एवं उसके निराकरण हेतु विशेष प्रशिक्षित टीम के साथ नवीन तकनीक से लैस एक विशेष थाना का लाभ हम सभी को मिलेगा। हम सभी को मिलकर ऐसी व्यवस्था बनानी होगी जिससे आम नागरिक स्वयं जागरूक हों और ऐसी घटनाओं को रोकने में स्व सक्षम हों। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों से होने वाले फ्रॉड की शिकायत पूर्व की तरह जिले के संबंधित थानों एवं साइबर सेल में स्वीकार करने के साथ ही उनका निराकरण किया जाएगा। रेंज साइबर थाना के द्वारा जिले के थानों को आवश्यक तकनीकी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर सरगुजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान परिवेश में हम सभी तकनीकी का प्रयोग कर रहे हैं। तकनीकी का प्रयोग कर घंटों का काम चंद मिनटों में किया जा रहा है। साथ ही बदलते परिवेश के साथ अपराध एवं अपराधियों के तरीकों में भी परिवर्तन आया है। पहले अपराध का तरीका सामान्य था जो धीरे-धीरे पूर्णत: बदल चुका है। उक्त परिवेश में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नवीन साइबर रेंज थाना की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने तकनीकी रूप से प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारी-कर्मचारियों की इस थाना में पदस्थापना से जिलेवासियों को लाभ मिलने की बात कही। समारोह के दौरान नगर निगम कमिश्नर अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक, रक्षित निरीक्षक जयराम चेरमाको, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेश सिंह उपस्थित रहे।
*साइबर थाना की कमान रजनीश सिंह को*
साइबर रेंज थाना में कुल 10 अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम विभिन्न नवीन तकनीकी से लैस होकर साइबर अपराधों का त्वरित निराकरण करेगी। साइबर रेंज थाने की कमान निरीक्षक रजनीश सिंह को दी गई है। साथ ही एक उपनिरीक्षक, 03 प्रधान आरक्षक एवं 05 आरक्षकों का बल साइबर रेंज थाने में पदस्थ किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button