CHHATTISGARHCHHATTISGARH PARIKRAMACRIMEKORBANATIONALSPORTS

नक्सल समस्या का करेंगे जड़ से अंत: अंकित गर्ग

नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक ने पदभार संभाला, एसपी ने दी क्षेत्र विशेष की जानकारी

*आगामी विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराना प्राथमिकता*
अंबिकापुर। नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक अंकित कुमार गर्ग (भापुसे) ने सोमवार को सरगुजा रेंज का पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने अपने विजन को साझा किया। उन्होंने कहा आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता में होगा। बेसिक पुलिसिंग के साथ ही अपराध पर नियंत्रण, आबकारी, आर्म्स के मामले पर मुख्य रूप से फोकस होगा। नक्सल समस्या के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा वर्तमान में हालात बदले हैं, लेकिन इस समस्या का जड़ से अंत हो, इस बिंदु पर सभी के सहयोग से पुलिस काम करेगी। झारखंड से लगे सरगुजा रेंज के इलाके चुनचुना, पुन्दाग, बूढ़ापहाड़ में छत्तीसगढ़ व झारखंड पुलिस के समन्वय से स्थिति अच्छी है। मानव तस्करी के मामले में उन्होंने कहा इसके लिए सामाजिक व आर्थिक परिस्थितियां जिम्मेदार हैं। पुलिस संवेदनशीलता के साथ ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करेगी। पदभार संभालने के पहले वे सरगुजा की आराध्य मां महामाया का दर्शन करने मंदिर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पदभार ग्रहण किया। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने सलामी ली। इस दौरान सरगुजा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के अलावा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इनसे औपचारिक चर्चा और परिचय लेने के साथ ही उन्होंने क्षेत्र विशेष की जानकारी ली। इस दौरान सरगुजा जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, आईजी कार्यालय के उप पुलिस अधीक्षक मानक राम कश्यप, मुख्य लिपिक सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं कार्यालय के स्टॉफ उपस्थित रहे।
*2004 बैच के हैं आईपीएस अधिकारी*
छत्तीसगढ़ शासन के आदेश परिपालन में 31 जुलाई 2023 को अंकित गर्ग (भा.पु.से.) द्वारा सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पद का कार्यभार ग्रहण किया गया, वे 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इसके पहले वे छत्तीसगढ़ के बीजापुर, महासमुंद व दंतेवाड़ा जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ रहे हैं। श्री गर्ग वर्ष 2016 से मई 2023 तक प्रतिनियुक्ति पर नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) में अपनी सेवाएं दी। मई 2023 में प्रतिनियुक्ति से वापस आने के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय रायपुर में कार्यरत रहे। इसके उपरांत इन्हें सरगुजा रेंज की कमान सौंपी गई है।
*भौगोलिक वस्तुस्थिति से अवगत कराया एसपी ने*
नव पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग के सरगुजा रेंज आगमन पर जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा जिले की भौगोलिक वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। नव पदस्थ आईजी श्री अंकित कुमार गर्ग (भा.पु.से.) ने पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारियों से रूबरू होते हुए प्रत्येक शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत रेंज कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा रेंज की पुलिस कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था, अपराधों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में नियंत्रण हेतु प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पूर्ण रूप से प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता में होगा।
*न्यू एज क्राइम रोकने खुलेगा साइबर थाना*
वर्तमान में साइबर क्राइम से संबंधित मामले में त्वरित कार्रवाई करने पर जोर देते हुए आईजी अंकित कुमार गर्ग ने पत्रकारों से कहा कि साइबर क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जल्द ही रेंज स्तर पर साइबर थाना खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने साइबर थाना खोलने के लिए 2023-24 के बजट में प्रावधान किया है, इसकी प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बाद साइबर अपराधों के रोकथाम में प्रगति देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा ठग नई-नई तरकीबें निकाल रहे हैं। इनके इरादों पर रोक लगाने पुलिस पहल करेगी। उन्होंने इसे न्यू एज क्राइम करार दिया।
*अवैध कारोबार व चिटफंड प्रकरणों में सख्त निर्देश*
आईजी सरगुजा रेंज अंकित गर्ग ने पदभार संभालने के बाद कहा कि रेंज में किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थों एवं कारोबार पर अंकुश लगाना व ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर वैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चिटफंड प्रकरणों के मामले में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही जुआ-सट्टा पर लगाम लगाने की कवायद पर जोर दिया। आईजी ने सख्त लहजे में कहा कानून से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button