CHHATTISGARHCHHATTISGARH PARIKRAMACRIMENATIONALSPORTS

भाजपा का घोषणा पत्र सच्चाई पर आधारित होगा, जिसे हम पूरा करेंगे-विजय बघेल

अंबिकापुर। सरगुजा दौरे पर पहुंचे दुर्ग लोकसभा सांसद और भाजपा घोषणा पत्र समिति के प्रदेश संयोजक विजय बघेल ने विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा के शिव मंदिर प्रांगण रघुनाथपुर में बैठक को संबोधित किया और समाज में सभी वर्ग के लोगों से घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगे। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र समिति में सरगुजा संभाग से पांच लोग हैं, हम लोग प्रत्येक विधानसभा में जा रहे हैं और सभी वर्ग के लोगों से मिल रहे हैं। भाजपा के घोषणा पत्र को लेकर लोगों में रुझान है, हमें अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। कर्मचारी, पेंशनधारी, छोटे-बड़े व्यापारी, पौनी पसारी, कोटवार, महिला समूह, पत्रकार सहित सभी से मिलकर पूछ रहे हैं भाजपा सरकार से क्या अपेक्षा है। कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए झूठा घोषणा पत्र बनाया, जनता के साथ छल किया और किया हुआ एक भी वादा पूरा नहीं किया, भाजपा का घोषणा पत्र सच्चाई पर आधारित होगा। भाजपा द्वारा किया गया एक-एक वादा पूरा होगा। उन्होंने कहा घोषणा पत्र सुझाव के लिए हम जहां-जहां जा रहे हैं, वहां लोग बड़े उत्साह से स्वयं आकर मिल रहे हैं। विजय बघेल ने आगे कहा कि पूरे देश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ जैसा छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सरकार में हुआ है। कांग्रेस ने सभी वर्ग के कर्मचारियों को धोखा दिया है। नतीजा यह है कि आज सभी विभाग के कर्मचारी सरकार के खिलाफ हड़ताल पर हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सरगुजा जिले से हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लंबे समय से हड़ताल पर हैं, इनकी सुनने वाला कोई नहीं है। पंचायत विभाग टीएस सिंहदेव छोड़ चुके हैं, उन्हें तो स्वास्थ्य विभाग से भी इस्तीफा दे देना चाहिए। विजय बघेल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हताश और परेशान बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भी हारेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा हमारा घोषणा पत्र जनभावना से जुड़ा होगा और समाज के सभी वर्गों के लिए होगा, जिससे सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी। उन्होंने घोषणा पत्र के लिए छत्तीसगढ़िया मन के बात, बॉक्स में लिखित सुझाव डालने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा से विजय व्यापारी, डीके पुरिया, महेंद्र सिंह, वैभव सिंहदेव, गुरुशरण सिंह, सतीश जयसवाल, राजू सिंह, राजू मानिकपुरी, अशोक गुप्ता, हीरा सिंह टेकाम, धनीराम यादव, अवधेश यादव, जयंत मिंज समेत अन्य वर्ग के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button